वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
28 जुलाई। किशनगंज पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कथित बांग्लादेशी नागरिकों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी सहित कई संदिग्ध फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान जारी है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि 26 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिक देखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम गठित की गई।
प्रेमपुल के समीप वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक व्यक्ति की पहचान जाकीर हुसैन (24), निवासी महिनगांव, किशनगंज के रूप में हुई, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32) बताया। पुलिस के अनुसार उसने अपना स्थायी पता बांग्लादेश के शरियतपुर जिले का बताया तथा भारत में वैध रूप से रहने संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान हसन शेख के पास से कई संदिग्ध फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसकी पत्नी तैयबा इस्लाम उर्फ तंजिला अख्तर (28) को भी महिनगांव स्थित एक घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार वह भी बांग्लादेश की निवासी है और भारत में रहने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या 839/26 दिनांक 27 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), फॉरेनर्स एक्ट, आधार एक्ट तथा पासपोर्ट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) गिरफ्तार आरोपितों से बरामद दस्तावेजों, मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क और व्यक्तियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
बरामद सामान में दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, एक वोटर कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक मोटरसाइकिल, 170 भारतीय मुद्रा, बांग्लादेश का 5 टका का एक सिक्का, आठ सिम कार्ड, एक बैग, एक मोबाइल चार्जर तथा छह पासपोर्ट आकार के फोटो शामिल हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



