वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक श्री अभिमन्यु कुमार सिंह ने अपने दलबल के साथ ब्लॉक चौक क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक टेंपो को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में टेंपो में रखे एक बैग से कुल 8.640 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से शराब के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
उत्पाद विभाग द्वारा तीनों गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके उपरांत सभी आरोपियों को सदर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई गई, जहां चिकित्सकों द्वारा जांच उपरांत उन्हें स्वस्थ घोषित किया गया। बाद में विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब की तस्करी एवं अवैध सेवन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मद्यनिषेध कानून का पालन करें तथा अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



