वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आज परिवहन विभाग एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता की जांच कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर विशेष रूप से वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। नेत्र जांच का कार्य एमजीएम के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई। जांचोपरांत दृष्टिदोष से ग्रसित चिन्हित मरीजों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।
शिविर में एडीटीओ श्री सलिल कुमार, मोटरयान निरीक्षक श्री रविंद्र तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव श्री मिक्की साहा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्पष्ट दृष्टि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इस प्रकार के शिविर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में परिवहन विभाग, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी एवं चिकित्सकों की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



