पटना में रिश्वत लेते एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना के धनकी मोड़ इलाके में एक एएसआई और दो सिपाही वाहनों से जबरन वसूली करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। यह मामला तब सामने आया जब एक जागरूक नागरिक ने इन पुलिसकर्मियों की अवैध वसूली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में साफ देखा गया कि तीनों पुलिसकर्मी वर्दी में हैं और खुलेआम सड़क पर वाहनों को रोककर उनसे पैसे ले रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही हड़कंप मच गया और मामला पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। वीडियो के आधार पर पटना के एसएसपी ने खुद इस पूरे मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच के आदेश दिए। जांच में यह साबित हो गया कि यह कोई एक-दो दिन की घटना नहीं थी, बल्कि पुलिसकर्मी लंबे समय से इस अवैध वसूली में लिप्त थे। मामले की पुष्टि होते ही एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार करने के आदेश दिए और उनके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इनसे कई चौंकाने वाली जानकारियां मिल सकती हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या इनकी गतिविधियों में और भी कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल था। साथ ही, यह भी जांच का विषय है कि इन्होंने अब तक कितनी बार और कितनी राशि वसूली है।
इस घटना ने पटना पुलिस की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया है। एक ओर जहां बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती के दावे करते नहीं थकते, वहीं दूसरी ओर उनके अपने कर्मचारी ही भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएं तो सवाल उठना स्वाभाविक है। आम लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ही अवैध वसूली करेगी तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)