तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद की झोली में बड़ी उपलब्धि आई है। टीएमयू के कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज़ में एमएलटी की एचओडी प्रो. रूचि कांत को उत्तर प्रदेश स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल में मेडिकल लेबोरेट्री एंड लाइफ साइंसेज़ प्रोफेशनल्स की श्रेणी में सदस्य नामित किया गया है।
यह काउंसिल नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशंस के अंतर्गत संचालित होती है। बतौर मेंबर प्रो. कांत का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। टीएमयू की इस सीनियर फैकल्टी की झोली में बायोकेमिस्ट्री टीचिंग का दो दशक से अधिक का अनुभव है। इस नॉमिनेशन पर टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन ने प्रो. कांत को बधाई देते हुए कहा, यह टीएमयू के लिए गर्व की बात है।
स्टेट एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल ऑफ इंडिया एक स्वायत्त संस्था है, जो स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मानकों को विनियमित करने के लिए समर्पित है।
प्रो. कांत नौ बरस से तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं, जबकि इससे पूर्व करीब आठ साल इथोपिया में बतौर शिक्षक अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रो. कांत कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज़ में आईक्यूएसी की कोर्डिनेटर भी हैं। इनके अब तक नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर 32 रिसर्च पेपर्स पब्लिश हो चुके हैं। प्रो. कांत के निर्देशन में सात रिसर्चर्स अपना शोध कार्य कर रहे हैं।

यह परिषद स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र में संस्थानों को संबद्धता के संग-संग शिक्षा के मानदंड एवम् दिशानिर्देश निर्धारित करती है। काउंसिल का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास पैदा करना है। इसका विजन ऐसी सुव्यवस्थित स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली स्थापित करना है जो शिक्षा, प्रशिक्षण और नैतिक अभ्यास के उच्चतम मानकों को पूरा करती हो। दूसरी ओर टीएमयू के ही कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज़ की फैकल्टी श्रीमती शिखा पालीवाल को चैरिटेबल इंस्टिट्यूशंस श्रेणी में सदस्य नामित किया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



