जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई (ATPS) की 210 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 5 ने लगातार 560 दिनों तक निर्बाध विद्युत उत्पादन कर एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। इस उपलब्धि के साथ यह यूनिट 210 मेगावाट श्रेणी में देश की दूसरी सबसे अधिक दिनों तक लगातार उत्पादन करने वाली यूनिट बन गई है।
इस दौरान यूनिट ने एनटीपीसी के विंध्याचल सुपर ताप विद्युत गृह, सिंगरौली को पीछे छोड़ दिया। वहीं सभी श्रेणियों को मिलाकर देखा जाए तो यह यूनिट देश की उन शीर्ष विद्युत इकाइयों में शामिल हो गई है, जिन्होंने सबसे लंबे समय तक निरंतर उत्पादन किया है—इस सूची में इसका चौथा स्थान है। यूनिट 1 अक्टूबर 2024 से लगातार बिजली उत्पादन कर रही है।
तकनीकी मानकों पर भी यूनिट का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। इस अवधि में 98.78% प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (PAF), 95.48% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) और 9.28% ऑक्जिलरी कंजम्प्शन जैसे उच्च मानक हासिल किए गए हैं। ये आंकड़े यूनिट की दक्षता, विश्वसनीयता और तकनीकी मजबूती को दर्शाते हैं।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नीरज मंडलोई और MPPGCL के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि को टीम के समर्पण, बेहतर योजना, मजबूत रखरखाव प्रणाली और सतत निगरानी का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक बिना किसी बड़ी बाधा के संचालन बनाए रखना संस्थान की पेशेवर कार्यशैली और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।

यह उपलब्धि न केवल अमरकंटक ताप विद्युत गृह के लिए गर्व का विषय है, बल्कि मध्यप्रदेश के उपभोक्ताओं को भरोसेमंद और किफायती बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह राज्य के अन्य बिजली उत्पादन केंद्रों के लिए प्रेरणा और मानक स्थापित करती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



