वाराणसी। समाज जागरण
शिव तिवारी
जनपद वाराणसी में अनफिट एवं बिना वैध परमिट के संचालित स्कूल वाहनों के विरुद्ध शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 4 स्कूल वाहन सीज किए गए, जबकि 7 वाहनों का चालान किया गया।
जानकारी के अनुसार सड़क पर सघन जांच अभियान चलाकर स्कूल वाहनों के फिटनेस, परमिट तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इसके साथ ही प्रवर्तन दल द्वारा विभिन्न विद्यालयों का भी भ्रमण कर स्कूल वाहनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हो रहे हैं।
यह कार्रवाई एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन एवं यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में संपन्न की गई।
परिवहन विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके विद्यालय के वाहन वैध फिटनेस और परमिट के साथ ही संचालित हों। साथ ही वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन, नियमित नेत्र परीक्षण तथा वाहनों में सेफ्टी ग्रिल/बार, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटी जैसे सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



