राष्ट्र ध्वज तिरंगा दिवस पर तिरंगा संदेश सम्मान चेतना यात्रा आयोजित

देश की एकता और अखंडता को समर्पित हमारे राष्ट्र ध्वज तिरंगे को नमन

दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )

भिवानी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रीय ध्वज दिवस पर तिरंगा संदेश सम्मान चेतना यात्रा का आयोजन किया गया। रविवार की छुट्टी को देखते हुए कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर ही विवेकानंद हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लेकर तिरंगे को सम्मान दिया तथा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

पखवाड़े के संयोजक एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि संस्था द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 दिवसीय ‘राष्ट्र ध्वज तिरंगा तुम्हें सलाम’ पखवाड़ा चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों एवं आमजन को राष्ट्रध्वज की गरिमा, महत्व और उसके संरक्षण संबंधी जानकारी दी जाएगी। निदेशक सावित्री यादव ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्रीय सम्मान, स्वाभिमान और शौर्य का प्रतीक है। इस ध्वज की आन–बान–शान बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उन वीर देशभक्तों को सलाम किया, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली और जिनकी बदौलत राष्ट्रध्वज आज गर्व से लहराता है। आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक हमारे वीर सैनिक तिरंगे को वक्ष स्थल पर लगाकर देश की रक्षा में तत्पर हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के प्रति समर्पण की भावना सदैव जीवित रखनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान निकाली गई तिरंगा चेतना यात्रा में हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में “हर घर तिरंगा – हर दिल तिरंगा” का संदेश देते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति की भावना को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा देश की एकता और अखंडता के संरक्षण का संकल्प लिया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)