बाल हृदय रोग पर विशेष अभियान, 34 बच्चों का हो चुका सफल ऑपरेशन
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
19 फरवरी।
जिले में जन्मजात बीमारियों से ग्रसित बच्चों के बेहतर उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत बुधवार को दो बच्चों को उन्नत चिकित्सा के लिए पटना रेफर किया गया।
सदर अस्पताल किशनगंज से अल्फाज हुसैन (जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित) और अनीशा कुमारी (कटे होंठ एवं तालु की समस्या) को विशेषज्ञ इलाज के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में बाल हृदय रोग की समय पर पहचान और उपचार के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। आरबीएसके टीमों द्वारा स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक जिले के 34 बच्चों का सफल हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि जन्मजात हृदय रोग एवं अन्य विकृतियों में समय पर जांच और उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें। आरबीएसके के तहत जांच, रेफरल और इलाज की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी बच्चा उपचार से वंचित न रहे।
जिले में बाल स्वास्थ्य को लेकर यह अभियान निरंतर जारी है, जिससे जरूरतमंद बच्चों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



