अनूपपुर। जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” के अंतर्गत नगर परिषद बरगवां एवं मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शहडोल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार 23 अप्रैल 2026 को वार्ड क्रमांक 04 स्थित आर्या गार्डन के पास इन्द्रा नगर तालाब में व्यापक स्तर पर श्रमदान एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान तालाब परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में गहन सफाई की गई। विशेष रूप से तालाब के किनारों, जलग्रहण क्षेत्र और जल प्रवाह मार्गों को साफ कर जल की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास किया गया। लंबे समय से जमी गंदगी, कचरा और अवांछित पदार्थों को हटाकर तालाब को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि इसके लिए आम जनता की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर परिषद बरगवां की अध्यक्ष श्रीमती गीता गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से न केवल जल स्रोतों का संरक्षण संभव है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध कराने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। वहीं उपाध्यक्ष डॉ. राज तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान को जनांदोलन बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद के पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शहडोल के वैज्ञानिक श्री बी.एम. पटेल, श्री सुभाष कुमार निगम, प्रयोगशाला परिचारक श्री बालेन्द्र सिंह एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
इस दौरान नगर परिषद बरगवां के अधिकारी-कर्मचारियों सहित श्री सौरभ कोरी, श्री दीपक कोल, श्रीमती हरछटिया बाई, श्रीमती अंजना सोनी, श्री अजय यादव, श्री पावन चिलि, श्री अभिषेक गुप्ता, पारस सिंह, आदर्श सोनी, राजा यादव, अरविंद यादव, राहुल गुप्ता, अतुल तिवारी, अमित गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अभियान के अंत में यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के सभी जल स्रोत स्वच्छ, संरक्षित और प्रदूषण मुक्त रह सकें।
यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हो रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर जल संकट से निपटने की दिशा में भी मजबूत आधार तैयार कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



