google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ईचागढ़ में अज्ञात वाहन का कहर, दो की मौके पर मौत, 13 वर्षीय बच्चा गंभीर

दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश

ईचागढ़: ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमटांड़–ईचागढ़ केनाल सड़क पर पाटपुर के समीप शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक 13 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

मृतकों की पहचान चीतरी गांव निवासी शंकर सिंह (22 वर्ष) एवं रथु सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शंकर सिंह अपने जीजा रथु सिंह और एक बच्चे के साथ मिलन चौक से अपने घर चीतरी लौट रहे थे, तभी पाटपुर के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि दोनों शवों को रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)