google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बाणसागर से अतिरिक्त जल प्रवाह को देखते हुए प्रशासन अलर्ट, जलस्तर की निरंतर निगरानी*


रिहंद बांध से चरणबद्ध तरीके से जल प्रवाह नियंत्रित करने की कार्यवाही, चोपन में जलस्तर पर रखी जा रही पैनी नजर

विजय कुमार अग्रहरी ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण

सोनभद्र। मध्य प्रदेश स्थित बाणसागर बांध से दिनांक 02 सितंबर 2026 को रात्रि 10:30 बजे 8 गेटों के माध्यम से लगभग 1.20 लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। उक्त अतिरिक्त जल प्रवाह का प्रभाव आज देर शाम तक चोपन गेज साइट पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



चोपन में जलस्तर एवं डिस्चार्ज को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से आज प्रातः 8:00 बजे रिहंद बांध के 2 अतिरिक्त गेट खोले जाएंगे। इसके पश्चात रिहंद बांध के कुल 7 गेटों से लगभग 77,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। बाणसागर से छोड़े गए अतिरिक्त पानी के चोपन पहुंचने से पूर्व जल प्रवाह को संतुलित करने के लिए आज सायं 5:00 बजे तक रिहंद बांध के 5 गेट बंद कर दिए जाएंगे तथा केवल 2 गेट खुले रखे जाएंगे।

*अधिकारियों द्वारा नदी एवं प्रभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण, ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक*

प्रशासन द्वारा जलस्तर एवं जल प्रवाह की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारी एवं राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागों की टीमें नदी एवं आसपास के क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही हैं। सोन नदी के आसपास स्थित गांवों में लोगों को नदी के किनारे न जाने तथा किसी भी स्थिति में नदी के बढ़े हुए जलस्तर के निकट नहीं जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों को आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

https://samajjagran.in/samaj-jagran-03-september-daily-hindi-newspaper-published-from-delhi-ncr/

*जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की अपील—नदी के किनारे न जाएं, सतर्क रहें*

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि बाणसागर बांध से अतिरिक्त जल छोड़े जाने के कारण सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी, नालों एवं जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। विशेष रूप से सोन नदी के किनारे रहने वाले नागरिक पूरी सावधानी बरतें और बच्चों एवं अन्य परिजनों को भी नदी के पास जाने से रोकें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की मॉनिटरिंग की जा रही है। जनपदवासी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए केवल अधिकृत सूचना पर ही विश्वास करें।

*चरणबद्ध जल प्रबंधन से जलस्तर को नियंत्रित रखने का प्रयास*

जिला प्रशासन द्वारा बाणसागर एवं रिहंद बांध से होने वाले जल प्रवाह की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से जल प्रबंधन की कार्यवाही की जा रही है। रिहंद बांध से डिस्चार्ज को नियंत्रित करते हुए बाणसागर से आने वाले अतिरिक्त जल के कारण चोपन में जलस्तर एवं डिस्चार्ज में अत्यधिक वृद्धि को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जनपदवासियों से अपील है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, सतर्क रहें और सुरक्षा की दृष्टि से नदी के आसपास जाने से पूर्णतः बचें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)