*नोएडा, 21 जून।** भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-94 स्थित श्री जी गौ सदन में योग दिवस समारोह, नए कार्यालय का उद्घाटन, गौ शिशुओं (वछिया एवं बछड़ों) के लिए वाड़ा निर्माण का भूमि पूजन तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे सामूहिक योग सत्र से हुआ। योग प्रशिक्षक अमरदीप ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। संस्कार संयोजक अजय अग्रवाल एवं कार्यक्रम संयोजक रामरतन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
योग सत्र के उपरांत गौ संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से गौ वत्सों के लिए वाड़ा निर्माण का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस सेवा परियोजना का संयोजन विपिन मल्हन, दीपक गौतम एवं एन.के. अग्रवाल ने किया। भूमि पूजन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं परिषद सदस्यों ने सहभागिता की।
सहयोगी संस्था श्री जी गौ सदन के अध्यक्ष विकास अग्रवाल एवं महासचिव सुशील भारद्वाज ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए समाज से इस अभियान में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर नोएडा के जिलाध्यक्ष महेश चौहान तथा सांसद प्रतिनिधि संजय बाली उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने परिषद द्वारा संचालित सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर नोएडा डायबिटिक फोरम के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। सेवा संयोजक संजय गोयल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में मधुमेह, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं परिषद सदस्यों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए चाय, नाश्ता और सात्विक प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन में परिषद के संरक्षक, पदाधिकारी, सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, महिला सहभागिता संयोजिका सुनीता मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल एवं उपाध्यक्ष भूपेन्द्र मित्तल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, संस्कार, सेवा और गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद, नोएडा ने भविष्य में भी समाजोपयोगी एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



