: दुनिया की नज़र भारत के युवाओं पर टिकी हुई है: अशोक भारद्वाज
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता।( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। स्थानीय आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र भिवानी द्वारा 12 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित युवा सप्ताह का समापन “स्वामी विवेकानंद को जानो और युवा शक्ति” विषय पर भाषण प्रतियोगिता के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन समारोह में युवाओं के उत्साह, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
समापन समारोह के दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में उन सर्वश्रेष्ठ युवाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, उनके विचारों और युवा शक्ति की भूमिका पर विशेष फोकस किया। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को अपने भाषणों में प्रमुखता से रखा, जिससे कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायी बन गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने शिरकत की। उन्होंने उपस्थित युवाओं, शिक्षकों एवं पुरस्कार विजेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज केवल भारत की युवा शक्ति पर ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की नजर भारत के युवाओं पर टिकी हुई है। भारत का युवा आज देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है।
अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। तभी एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति व माय युवा भारत केंद्र भिवानी द्वारा जारी राष्ट्रीय युवा सप्ताह का समापन 19 जनवरी को यूथ हॉस्टल स्थित विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थल पर किया जाएगा।
समापन समारोह कार्यक्रम में जीआई इंचार्ज वेदप्रकाश, जीआई कुलदीपक, जीआई वीरेंद्र कुमार, विशेष अतिथि के रूप में विजेंद्र पहलवान, समाजसेवी सुरेश सैनी, वरिंद्र कुमार, सुभाष, विकास कुमार, अशोक कौशिक प्रोजेक्ट मैनेजर भिवानी जॉन, जेपी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।



