दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
बहल, 21 फरवरी। बीआरसीएम शिक्षण समिति द्वारा आयोजित 12वें छोगमल चौधरी ग्रामीण खेल महोत्सव का शुभारंभ राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर, बहल में अत्यंत उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीआरसीएम संस्थानों की एनसीसी, स्काउट्स एवं एनएसएस इकाइयों द्वारा भव्य मार्चपास्ट तथा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जय प्रकाश दलाल रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना समय की मांग है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बीआरसीएम शिक्षण समिति द्वारा शिक्षा एवं ग्रामीण खेल संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की।
कार्यक्रम में अशन कुमार सांगवान तथा जगदीश सिंह (अर्जुन अवार्डी एवं द्रोणाचार्य अवार्डी) सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उपस्थित रहे। सांगवान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और मंच की होती है। बीआरसीएम खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।बीआरसीएम खेल समिति द्वारा आयोजित यह खेल महोत्सव खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान कर रहा है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
बीआरसीएम शिक्षण समिति के निदेशक डॉ. एस. के. सिन्हा ने अतिथियों एवं उपस्थित खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बताया कि बीआरसीएम शिक्षण समिति शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देते हुए सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
हमारा उद्देश्य ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को निरंतर अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वासी, अनुशासित एवं सफल नागरिक बनाना है। इस दो दिवसीय खेल महोत्सव में एथलेटिक्स के साथ-साथ कबड्डी (नेशनल स्टाइल – पुरुष एवं महिला), वॉलीबॉल स्मैशिंग (पुरुष एवं महिला) तथा रस्साकशी (पुरुष) की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
विशेष आकर्षण के रूप में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 100 मीटर बुजुर्ग दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें जोगेंद्र सिंह प्रथम, महासिंह द्वितीय तथा दरिया सिंह तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त 100 मीटर सरपंच दौड़ भी आयोजित की गई, जिसमें संदीप सरपंच (चहड़ खुर्द) प्रथम, सोमवीर सरपंच (सोरड़ा) द्वितीय तथा संजय सरपंच (मतानी) तृतीय स्थान पर रहे। पहले दिन विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं के प्रारंभिक एवं सेमीफाइनल मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए। कबड्डी एवं वॉलीबॉल के रोमांचक मैचों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर अशन कुमार सांगवान, अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी जगदीश सिंह, डॉ. एस. के. सिन्हा (निदेशक, बीआरसीएम शिक्षण समिति), विद्यानंद (जिला खेल अधिकारी), राजकुमार त्रिपाठी (मुख्य वित्त अधिकारी, मारुति टेक्सटाइल सूरत), सुखबीर सांगवान (एशियन गेम्स 2006 कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता), सोनिका चहल (एशियाई गेम्स रजत पदक विजेता, बॉक्सिंग), सरपंच साधुराम, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल, विजय फोगाट (चेयरमैन, ब्लॉक समिति बहल), सुनील शर्मा (बीजेपी जिला उपाध्यक्ष), सुनील सांगवान (मंडल प्रधान, बहल), एडवोकेट संदीप बुढ़ेडा, डॉ. अनुज शर्मा (प्राचार्य, बीआरसीएम इंजीनियरिंग कॉलेज), डॉ. सुनील शुक्ला (प्राचार्य, बीआरसीएम लॉ कॉलेज), राजेश झाझड़िया (प्राचार्य, बीआरसीएम ज्ञानकुंज स्कूल), संदीप टंडन (प्राचार्य, बीआरसीएम शिशुकुंज स्कूल), पवन पंघाल (रजिस्ट्रार) सहित समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी उपस्थित रहे तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।



