google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

171.2 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, दो टोटो जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
28 फरवरी।
किशनगंज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 171.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो टोटो वाहन जब्त किए गए तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से टोटो वाहनों के माध्यम से अवैध विदेशी शराब छिपाकर कोचाधामन थाना क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डीआईयू प्रभारी, किशनगंज के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कोचाधामन एवं धनपुरा पुलिस पिकेट के पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई।


गठित टीम द्वारा मस्तान चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में किशनगंज की ओर से आ रही दो टोटो को रुकने का संकेत दिया गया। एक चालक ने वाहन रोक दिया, जबकि दूसरा चालक टोटो छोड़कर मौके से फरार हो गया।तलाशी के दौरान लाल रंग के टोटो (रजि० नं० BR37ER-4502) के बॉक्स से 86.15 लीटर तथा ब्लू रंग के टोटो (रजि० नं० BR37ER-1770) के बॉक्स से 42.3 लीटर विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई। दोनों वाहनों से कुल 171.2 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।


इस संबंध में कोचाधामन थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 28.02.2026, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि अवैध संपत्ति की पहचान कर नियमानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 107 के तहत जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।


गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अख्तर आलम (23 वर्ष), पिता जमालुद्दीन, साकिन लहरा फुलवारी, थाना व जिला किशनगंज के रूप में हुई है।
छापामारी दल में डीआईयू टीम, किशनगंज, पु०नि० रंजय कुमार सिंह (थानाध्यक्ष, कोचाधामन), पु०अ०नि० सरफराज हुसैन, पु०अ०नि० अरविंद शर्मा, पु०अ०नि० प्रदीप कुमार (प्रभारी, धनपुरा पिकेट) सहित सशस्त्र बल के जवान एवं चालक शामिल थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)