41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में उमड़ा पशुपालकों का सैलाब, एक हजार पशु बढ़ा रहे मेले की शोभा
कुरुक्षेत्र, 6 फरवरी। हरियाणा पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी पशुपालकों के लिए केवल एक मेला नहीं, बल्कि नस्ल सुधार, पशु संरक्षण और आधुनिक तकनीक से जुड़ने का प्रभावी मंच साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में प्रदेश के 23 जिलों से लगभग 20 हजार पशुपालक भाग ले चुके हैं, जो अपने साथ लगभग एक हजार पशुओं को लेकर पहुंचे हैं।
महानिदेशक ने बताया कि प्रदर्शनी के पहले दिन ही बेहतरीन नस्ल के घोड़े, भैंसे, गाय, बकरे, ऊंट सहित अन्य पशुओं ने रैंप पर कैटवॉक कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। यह प्रदर्शनी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार तथा कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है, जो 8 फरवरी तक चलेगी। समस्त व्यवस्थाएं प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया की देखरेख में की गई हैं।
डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी के दूसरे दिन केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मेले का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्री विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप करेंगे। वहीं समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे।
उन्होंने कहा कि मेले में पशुपालन, कृषि, मत्स्य, बागवानी विभाग, हैफेड सहित अनेक निजी संस्थानों द्वारा आधुनिक तकनीक आधारित उत्पाद, कृषि यंत्र और नवाचारों की प्रदर्शनियां लगाई गई हैं, जो पशुपालकों और किसानों के लिए भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होंगी। मेले में आने वाले लोगों के लिए हरियाणवी खानपान, जलपान और ठहराव की भी बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
पानीपत के लेहना सिंह ने लकी ड्रा में जीती मोटरसाइकिल
हरियाणा पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रतिदिन पंजीकरण कराने वाले किसानों व पशुपालकों के लिए लकी ड्रा योजना चलाई जा रही है। पहले दिन पानीपत के गांव आटा निवासी लेहना सिंह ने लकी ड्रा में मोटरसाइकिल जीती। इसके अलावा कुरुक्षेत्र के उमरी निवासी तनिश, रोहतक निवासी रमेश को मिल्क मशीन तथा करनाल के गांव बादसो माजरी निवासी जीता राम और कुरुक्षेत्र के भगवानपुर निवासी राकेश कुमार को अन्य पुरस्कार मिले। सभी विजेताओं को महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने सम्मानित किया।
#पशुधनप्रदर्शनी, #कुरुक्षेत्रसमाचार, #हरियाणापशुपालन, #पशुपालक, #LivestockExpo2026, #HaryanaNews, #AnimalHusbandry, #DrPremSingh, #LallanSingh, #RuralIndia, #FarmersNews
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



