समाज जागरण/ सुभाष चंद्र यादव
म्योरपुर/पड़री-खंता। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री-खंता में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह से ही गांव में उत्साह का माहौल रहा। ढोल-नगाड़ों और देवी गीतों के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ‘जय माता दी’ और ‘मैया के जयकारों’ से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा की शुरुआत खंता पिकनिक स्थित रिहंद डैम से हुई। यहां महिलाओं ने विधि-विधान से डैम के पवित्र जल को कलश में भरा। सिर पर कलश धारण कर महिलाएं नंगे पांव गांव की गलियों से होते हुए दुर्गा मंदिर पंडाल पहुंचीं। रास्ते भर ग्रामीणों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।
दुर्गा मंदिर पंडाल में पहुंचने के बाद पंडित वृंदावन दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा और घट स्थापना की। इस दौरान पूरा पंडाल घंटा, शंखनाद से गूंज उठा।
घट स्थापना के साथ ही सात दिवसीय शारदीय नवरात्र के धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ हो गया। मंदिर में अब रोज सुबह-शाम आरती, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और पूरे क्षेत्र के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
नवरात्र को लेकर मंदिर और पूजा पंडाल को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आयोजकों ने पूरी तैयारी की है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जुगेश कुमार यादव, अमरेश यादव, अजय कुमार, सरोज यादव, संदीप यादव, निर्मल यादव, एडवोकेट राम अवध यादव, सुखनंदन यादव, लाल बाबू यादव, मिथिलेश यादव, सेवाराम, अतिश यादव, प्रदीप शर्मा, पप्पू यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



