दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ (सरायकेला-खरसावां):
कुकड़ू प्रखंड के छतरडीह गांव में शुक्रवार को स्वर्गीय भगीरथ महतो की स्मृति में एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट सह झूमर संगीत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन युवा स्टार कमिटी छतरडीह के तत्वावधान में हुआ, जिसमें क्षेत्रीय खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने अपना दमखम दिखाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव तथा जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो की धर्मपत्नी भानुमती महतो ने संयुक्त रूप से किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में उत्तम स्पोर्टिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ₹50,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उपविजेता शिवा स्पोर्टिंग को ₹40,000, सिद्धू-कानू क्लब कुकड़ू को ₹20,000 (तृतीय) तथा किस्कू ब्रदर्स गम्हारिया को ₹20,000 (चतुर्थ) पुरस्कार स्वरूप दिए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए अशोक साव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक व मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं को अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है। वहीं झूमर संगीत हमारी लोक-संस्कृति की पहचान है, जिसे संजोना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए सकारात्मक मंच बताया।
भानुमती महतो ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।
कार्यक्रम में झामुमो कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष कृत्तिवास महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सह झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, बैरासी सिरुम ग्राम प्रधान सुषेण कुमार महतो, पूर्ण सिंह, डॉ. विभीषण महतो, मेघनाथ महतो, बबलु प्रमाणिक, मोहन सिंह, समाजसेवी कमलेश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



