गांव में घुसा मगरमच्छ, दहशत में ग्रामीण लाठियों से काबू कर नदी मे छोड़ा

दैनिक समाज जागरण

मुस्कान खान

जनपद बिजनौर

मंडावर जनपद बिजनौर के थाना मंडावर क्षेत्र अंतर्गत गांव चाहड़वाला में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगा नदी से भटककर एक मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में आ घुसा। मगरमच्छ को देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना तेजी से पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। किसी प्रकार की अनहोनी से पहले ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों की मदद से मगरमच्छ को काबू में कर लिया और रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद टीम मौके पर नहीं पहुंची। वन विभाग की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार खुद ही मगरमच्छ को गंगा नदी में वापस ले जाकर छोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर मगरमच्छ किसी पर हमला कर देता, तो जिम्मेदार कौन होता? उन्होंने वन विभाग पर गंभीर उदासीनता का आरोप लगाया है। उधर, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण ऐसे जंगली जीवों का आबादी वाले इलाकों की ओर आना आम बात है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और इस तरह की घटनाओं की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)