तीन सवार गंभीर रूप से घायल
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के खगौल-नौबतपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की सुबह दो लग्जरी कारों के बीच हुई सीधी टक्कर से हड़कंप मच गया। मंगलपुर क्षेत्र के नकटी भवानी शिव मंदिर के पास हुई इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो और इनोवा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एम्स (AIIMS) पटना में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन काफी तेज गति में थे। मंदिर के समीप पहुंचते ही चालकों ने नियंत्रण खो दिया और दोनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायल अंदर ही फंस गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही राजमार्ग गश्ती दल (HPV-3) की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भेजा। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने के कारण घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क के बीचों-बीच क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ियों को किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



