google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के शिवपुरी के फ्लैट में चल रहा था ठगी का गेम

गेमिंग ऐप के जरिए लाखों लूटने वाले पांच गिरफ्तार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने शिवपुरी इलाके में चल रहे एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक फ्लैट में छापेमारी कर गेमिंग एप्लीकेशन के जरिए लोगों को चूना लगाने वाले गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरोह के पांच अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मोबाइल गेमिंग ऐप को हथियार बनाकर लोगों को ठगता था। आरोपी पहले सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए आकर्षक रिवॉर्ड और इनाम का लालच देते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति इनके झांसे में आकर ऐप पर पैसे जमा करता, ये डिजिटल वॉलेट के जरिए रकम उड़ा लेते और संपर्क तोड़ देते थे। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक प्रदेश भर के दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की ठगी की जा चुकी है।


गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश
शास्त्रीनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवपुरी के एक फ्लैट में कुछ संदिग्ध युवक रह रहे हैं, जो देर रात तक लैपटॉप और मोबाइल पर सक्रिय रहते हैं। इसी आधार पर की गई छापेमारी में गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों के साइबर अपराधियों से भी जुड़े हो सकते हैं। पटना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान गेमिंग ऐप या ऑनलाइन ‘क्विक मनी’ स्कीम के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत साइबर सेल को सूचित करें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)