समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के दानापुर के चूल्हाई चक नहर के समीप गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक इंसान का कटा हुआ पैर और कुछ जली हुई हड्डियां देखीं। इस खौफनाक मंजर को देखते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। नहर किनारे मिले अवशेषों की स्थिति बेहद भयावह है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया गया होगा और शरीर के अंगों को अलग-अलग फेंक दिया गया है। जली हुई हड्डियों का मिलना इस आशंका को और बल दे रहा है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है। वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में अन्य पहलुओं पर भी विचार कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि संभव है कि कोई जंगली जानवर इस पैर को कहीं और से घसीटकर यहाँ ले आया हो। हालांकि, पैर के पास जली हुई हड्डियों का मिलना इस थ्योरी को उलझा रहा है। शरीर का शेष हिस्सा कहाँ है, यह अब भी एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की मदद ली जा रही है। आसपास के थानों को भी सूचित कर लापता व्यक्तियों की सूची खंगाली जा रही है। फिलहाल, पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



