समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर खैनी थूकने के लिए पटरी की ओर झुके एक बुजुर्ग तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन के इंजन से सिर टकराने के कारण मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के शाहाबाद निवासी 55 वर्षीय संजय राउत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संजय राउत मूक-बधिर (बोल और सुन नहीं सकते) थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय वे प्लेटफॉर्म के बिल्कुल किनारे खड़े थे। जैसे ही वे थूकने के लिए नीचे झुके, पीछे से आ रही तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन का हिस्सा उनके सिर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे प्लेटफॉर्म पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गहरा घाव हो गया। सुनने में अक्षम होने के कारण वे ट्रेन की विसिल या शोर नहीं सुन सके, जो उनकी मौत का कारण बना। हादसे के प्रारंभिक समय में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर परिजनों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। आनन-फानन में बाढ़ पहुंचे भाई कुंदन कुमार ने शव की शिनाख्त की।
बताया गया कि संजय अपने ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे और बख्तियारपुर से ट्रेन बदलकर बाढ़ पहुंचे थे। रेलवे पुलिस (GRP) ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। संजय अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी और पीली पट्टी (Safe Zone) के उल्लंघन से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से पुनः अपील की है कि प्लेटफॉर्म के किनारे खड़े होकर कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे जान जोखिम में पड़े।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



