जनपद के 10 सर्वाधिक करदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और दानवीरता आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत-सदर विधायक भूपेश चौबे
ईमानदार करदाता राष्ट्र और जनपद के विकास की मजबूत आधारशिला- जिलाधिकारी चर्चित गौड़
समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ, विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में आज वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद, सम्मानित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं व्यापारी बंधु उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक कर (टैक्स) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले व्यापारी राष्ट्र एवं जनपद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने अपना सर्वस्व महाराणा प्रताप और राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि भामाशाह का जीवन सेवा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित का प्रतीक है। उन्होंने सम्मानित करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि करदाताओं के योगदान से ही विकास कार्यों को गति मिलती है और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदलाल गुप्ता ने भामाशाह के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित करदाताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। इस दौरान सासंकृतिक विभाग द्वारा करमा नृत्य की सुन्दर प्रस्तुति की गयी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश कुमार, श्री सुनिल कुमार संयुक्त आयुक्त राज्य कर, श्री रितेश मिश्र उपायुक्त प्रशासन राज्य कर, श्री योगेश द्विवेदी उपायुक्त राज्य कर, श्री विकास कृष्ण बन्सरा उपायुक्त राज्य कर, श्री मो0 जुनैद व व्यापारी बन्धु उपस्थित रहें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



