समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
चोपन/ सोनभद्र। सावन के पावन महीने में सोमवार को चोपन नगर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में सोन नदी के पवित्र तट से हजारों श्रद्धालुओं ने कलश में जल लेकर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा में महिला, पुरुष और बच्चों समेत बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। डीजे पर बज रहे शिव भक्ति गीतों और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से पूरा चोपन नगर गूंज उठा। करीब 10 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु डाला स्थित प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत सोन नदी के तट से जल भरने के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलश में जल भरा और भगवान शिव का स्मरण करते हुए यात्रा शुरू की। डीजे की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे उत्साह के साथ नाचते-झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। यात्रा के दौरान शिव भक्ति गीतों और जयकारों का ऐसा माहौल बना कि चोपन से लेकर डाला तक वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कांवड़ यात्रा में हिंदू संगठन किन्नर महाप्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष महंत राधानंद गिरी के नेतृत्व में उनकी टीम ने भी भाग लिया। टीम में पलक रानी, ज्योति, जयप्रकाश और राहुल शर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। उनकी सहभागिता से कांवड़ यात्रा और भी भव्य नजर आई।
महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने आयोजन में तन-मन-धन से सहयोग करने वाले समिति के सदस्यों और नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सफल आयोजन से समिति का उत्साह बढ़ता है और अगले वर्ष इससे भी अधिक भव्य तरीके से कांवड़ यात्रा आयोजित की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



