google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में नितिन नवीन का भब्य रोड शो का हुआ आयोजन

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन पहली बार दो दिवसीय दौरे पर राजधानी पटना पहुंचे। उनके स्वागत में आयोजित भव्य रोड शो ने पटना की सड़कों को रंग-बिरंगा बना दिया। जो भाजपा के संगठनात्मक उत्साह और शक्ति का भी प्रदर्शन बन गया। दिल्ली से पटना पहुंचते ही नितिन नवीन का पटना एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्वयं उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों को फूलों और पार्टी झंडों से सजाया गया था। स्वागत की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जेसीबी मशीनों से नितिन नवीन पर फूलों की बारिश की गई। इस दौरान समर्थकों के नारे और ढोल-नगाड़ों की आवाज पूरे इलाके में गूंजती रही। एयरपोर्ट से निकलकर नितिन नवीन का रोड शो शुरू हुआ, जो लगभग छह किलोमीटर तक चलकर मिलर हाई स्कूल मैदान में आकर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते में 50 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग फूल बरसाते और हाथ हिलाकर स्वागत करते नजर आए। इस दौरान पटना के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और एयरपोर्ट क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया। रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओ, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी ने इस आयोजन को और खास बना दिया। रोड शो में बिहार की संस्कृति की झलक भी साफ दिखी। स्वागत के लिए हाथी, ऊंट और घोड़े की व्यवस्था की गई थी, जिसने पूरे माहौल को पारंपरिक रंग दे दिया। भोजपुरी गानों की धुनों पर महिलाएं झूमती और नाचती नजर आईं। खासतौर पर “जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गइल” जैसे गीतों ने माहौल को और जोशीला बना दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नवीन को यह पद कोई साधारण सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में बिहार भाजपा पूरी ताकत से योगदान देगी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)