एचबीएसएजी के 2 और सिफीलिस का 1 मामला पाया गया, एचआईवी रिपोर्ट रही निगेटिव
कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
गोला डिपो (बस स्टैंड) में कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डिपो से जुड़े कुल 122 कर्मचारियों की विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच की गई, जिनमें एआरएम, चालक, परिचालक, सफाई कर्मी, मिस्री सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि शिविर के दौरान एचआईवी, सिफीलिस, हेपेटाइटिस-बी (एचबीएसएजी), हेपेटाइटिस-सी (एचसीवी) तथा टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग की गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार हेपेटाइटिस-बी के 2 मामले और सिफीलिस का 1 मामला रिएक्टिव पाया गया, जबकि एचआईवी का कोई भी मामला रिएक्टिव नहीं मिला, जो राहत की बात है।
टीबी जांच के अंतर्गत 37 कर्मचारियों का एक्स-रे कराया गया तथा 9 लोगों के स्पुटम (बलगम) की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 80 कर्मचारियों की आंखों की जांच भी की गई।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने कर्मचारियों को नियमित जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। बताया गया कि समय-समय पर एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस और सिफीलिस जैसी बीमारियों की जांच कराने से रोग की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाती है, जिससे समय रहते उपचार संभव हो पाता है और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. सुधांशु त्रिपाठी, चित्रांशु समाज कल्याण परिषद के प्रतिनिधि, एचआईवी-टीबी कोऑर्डिनेटर, डीएसआरसी काउंसलर, पीपीटीसीटी जिला महिला अस्पताल, एनटीईपी स्टाफ तथा सीएचसी गोला का स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने कर्मचारियों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



