वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
शहर के चुड़ीपट्टी रमजान पुल के समीप हैदर नर्सिंग होम के पास सोमवार को नूर बीड़ी बिल्डिंग जनरल स्टोर एवं दवा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा अधिकांश सामान कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि दुकान में जनरल स्टोर और दवा से संबंधित करीब तीन लाख रुपये से अधिक का सामान रखा हुआ था। आग में पूरा सामान जलकर बर्बाद हो गया। हालांकि, घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इधर, स्थानीय सूत्रों के हवाले से आरोप लगाया जा रहा है कि जनरल स्टोर एवं दवा दुकान की आड़ में कथित रूप से मोटरसाइकिल चालकों को बोतल में पेट्रोल बेचा जाता था। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। आग लगने के कारणों और दुकान में ज्वलनशील पदार्थ रखे जाने के मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



