google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के मखनियाकुआं में बिजली पोल में लगी भीषण आग

दो मोटरसाइकिलें खाक

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित घनी आबादी वाले मखनियाकुआं इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बिजली पोल में अचानक भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई यह आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते पोल के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों बाइकें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बिजली के तारों से अचानक तेज चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे पोल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के साथ तारों में हुए जोरदार धमाकों ने स्थानीय निवासियों और छात्रावासों में रह रहे छात्रों के बीच दहशत पैदा कर दी।

ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। आग की तपिश इतनी तीव्र थी कि पास के मकानों की दीवारों और खिड़कियों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। दमकल की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत काट दी गई थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पीरबहोर थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग का कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

इस घटना ने पटना की पुरानी और जर्जर बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मखनियाकुआं समेत आसपास के कई इलाकों में बिजली के तार काफी पुराने और लटक रहे हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। निवासियों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को अविलंब बदलने और नियमित जांच की मांग की है। विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मी के बढ़ते दबाव के कारण तारों पर लोड अधिक है, ऐसे में विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)