google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आगामी 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
आगामी 14 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर द्वारा बुधवार को बैंक पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक बैंक ऋण से संबंधित मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक के दौरान सचिव ओम शंकर ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाएं और इसकी सफलता सुनिश्चित करें। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया तथा निर्देश दिया कि बैंक ऋण से संबंधित मामलों में नियमानुसार अधिक से अधिक छूट प्रदान की जाए, ताकि अधिक से अधिक ऋणधारक राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकें।


इसी क्रम में बुधवार को जिले के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को सचिव ओम शंकर ने निर्देश दिया कि वे सभी ग्राम कचहरियों में लंबित मामलों के निष्पादन हेतु संबंधित सरपंचों को अपने स्तर से निर्देश दें, ताकि इन मामलों का निष्पादन आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि यह वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत होगी, जिसमें आपराधिक समझौता योग्य अपराध (क्रिमिनल कंपाउंडेबल ऑफेंसेज़), प्ली बार्गेनिंग, एनआई एक्ट की धारा 138 के अंतर्गत चेक बाउंस मामले, मनी रिकवरी केस, मोटर दुर्घटना दावा मामले, समझौता योग्य ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण मामले, सेवा एवं पेंशन मामले, राजस्व एवं अन्य सहायक मामले तथा उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय एवं विभिन्न प्राधिकरणों के समक्ष लंबित अन्य सिविल मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा बेथल मिशन स्कूल, किशनगंज में छात्र-छात्राओं के बीच बाल विवाह मुक्त अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता सोनी कुमारी एवं अधिकार मित्र राजेश कुमार शर्मा द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)