9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा का जीवनभर का कवच
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
2 फरवरी: महिलाओं में गंभीर और जानलेवा कैंसरों में से एक गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए किशनगंज में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जिले के सभी प्रखंडों में विद्यालय और समुदाय स्तर पर विशेष टीकाकरण कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। बालिकाओं को एचपीवी का टीका दो डोज में दिया जाता है, जिससे उन्हें गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से संपूर्ण सुरक्षा मिल सके।
सोमवार को जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बहादुरगंज प्रखंड में अभियान का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं और अभिभावकों को टीके का महत्व और दोनों डोज की अनिवार्यता समझाई जाए।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि किशोरावस्था में दिया गया एचपीवी टीका बालिकाओं को जीवनभर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रखता है। टीकाकरण के बाद बालिकाओं को कुछ समय निगरानी में रखा जाता है, ताकि किसी भी असुविधा पर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।
एचपीवी संक्रमण लंबे समय तक बिना लक्षण रह सकता है, लेकिन किशोरावस्था में टीकाकरण कराने से सर्वाइकल कैंसर की संभावना लगभग समाप्त हो जाती है। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान बालिकाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और कैंसर-मुक्त भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



