कुकड़ू प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 का भव्य शुभारंभ

दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश

ईचागढ़: कुकड़ू प्रखंड परिसर में सोमवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का उद्घाटन समारोह प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर की गरिमामयी अध्यक्षता में विधिवत रूप से आयोजित किया गया। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य प्रखंड स्तर पर समग्र विकास को गति प्रदान करना है।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं की रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी धरनी प्रमाणिक के स्वागत भाषण से हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। आकांक्षी प्रखंड फेलो सागर कुमार ने संपूर्णता अभियान 2.0 का विस्तृत परिचय देते हुए इसके छह प्रमुख संकेतकों पर प्रकाश डाला तथा अभियान के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी।

मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने अपने संबोधन में अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतर-विभागीय समन्वय एवं सामुदायिक सहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

इसके उपरांत प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी हरेलाल महतो ने प्रखंड स्तरीय प्रतिबद्धता एवं कार्ययोजना प्रस्तुत की, वहीं पीएचईडी के कनीय अभियंता सुनील बाखला ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। साथ ही विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, जिनमें ICDS की आंगनवाड़ी सेविकाएँ, कृषि विभाग के BTM, शिक्षा विभाग के MIS तथा स्वास्थ्य विभाग की सहियाएँ शामिल थीं, ने अपने-अपने विभाग की कार्ययोजनाएँ प्रस्तुत कीं।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की अहम भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा शपथ ग्रहण समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संपूर्णता अभियान 2.0 के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)