google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बिहटा-मनेर एनएच-30 पर कोरहर गांव स्थित नहर पुल के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नेउरा थाना क्षेत्र के टिकैतपुर निवासी 28 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रमोद राय के तौर पर की गई है, जिसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दोनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और रविवार रात मनेर से बिहटा की ओर अपने घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की गति अत्यंत तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 112 की टीम ने आनन-फानन में घायलों को बिहटा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल पहुँचाया। वहां चिकित्सकों ने छोटू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रमोद राय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बिहटा-मनेर मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)