वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को किशनगंज जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संध्या अर्घ्य के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शहर के ऐतिहासिक देवघाट खगड़ा, धोबीघाट, छेदिया बागान, धर्मगंज स्थित मझिया घाट, मोती बाग छठ घाट, शांति घाट, ढेकसरा छठ घाट, मौज बड़ी, ओदरा तथा रमजान नदी के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधान में सजे हुए बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, केला, नारंगी ,गन्ना, तथा विभिन्न प्रकार के फल और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं।
सूर्यास्त के पावन बेला में व्रतियों ने पानी में खड़े होकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की गई। घाटों पर दीपों की रोशनी और छठी मैया के मधुर गीतों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
किशनगंज में सूर्यास्त का समय शाम करीब 4:50 बजे रहा। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा, रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई।
अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इस महापर्व ने एक बार फिर आस्था, पवित्रता, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



