अस्पताल की कथित लापरवाही से महिला की मौत, न्याय की मांग को लेकर पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन

विवेक कुमार दैनिक समाज जागरण संवाददाता

राजधानी लखनऊ में अस्पताल की कथित लापरवाही से हुई एक महिला की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पत्रकार समुदाय खुलकर सामने आ गया है। निगोहां प्रेस क्लब ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कृष्णानगर क्षेत्र के एसीपी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।ज्ञात हो कि पत्रकार धीरज तिवारी की बहन स्वर्गीय सीता दीक्षित की मौत हाल ही में बंथरा थाना क्षेत्र के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। परिजनों का आरोप है कि यह घटना अस्पताल की लापरवाही का परिणाम है, जिसके चलते परिवार में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।इसी क्रम में निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, अध्यक्ष विमल सिंह चौहान सहित अन्य पत्रकारों ने एकजुट होकर कृष्णानगर के एसीपी रजनीश वर्मा से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।प्रेस क्लब ने अपने ज्ञापन में कई अहम बिंदु उठाए हैं, जिनमें मृतका के इलाज की पूरी जानकारी, घटना की सूचना समय पर न दिए जाने, सीसीटीवी फुटेज की उपलब्धता, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका की गहन जांच शामिल है। क्लब का कहना है कि जब तक इन सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच नहीं होगी, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय मिलना संभव नहीं है।

प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो पत्रकार समुदाय बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने इसे केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।इस मौके पर निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, अध्यक्ष विमल सिंह चौहान, योगेंद्र तिवारी, ललित दीक्षित, मोईन खान, अवनीश पांडे, धीरज तिवारी, शिवा मिश्रा, , प्रशांत त्रिवेदी, योगेश मिश्रा, मोहम्मद नासिर, विवेक कुमार, अभिलाष दीक्षित, सूरज तिवारी, रोहित दीक्षित,शक्ति तिवारी सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।वहीं एसीपी रजनीश वर्मा ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है तथा जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पीड़ित परिवार को समय रहते न्याय मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)