google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

अंबेडकर जयंती समारोह के दौरान बिजली के करंट से युवक-युवती झुलसे, समारोह में मची अफरा-तफरी

समाज जागरण

मीरजापुर /लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत पंचायत भवन में सोमवार को डा. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह के दौरान अचानक युवक व युवती को विद्युत करंट लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बरौंधा निवासी आकाश (18) पुत्र राजू व खुशबू (22) पुत्री त्रिवेणी झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंचायत भवन परिसर में अंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यक्रम चल रहा था।

इसी दौरान डीजे के साथ जुलूस में शामिल आकाश व खुशबू अंबेडकर प्रतिमा के पास लगे लोहे के सरिये पर झंडा लगा रहे थे। तभी सरिया किसी विद्युत तार के संपर्क में आ गया। जिससे दोनों को करंट लग गया और वे मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। घटना होते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तत्काल बरौंधा स्थित अर्श हास्पिटल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार जारी है।

अस्पताल के महाप्रबंधक डा. महा नारायण भारती ने बताया कि दोनों घायलों की हालत अब सामान्य है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अंबेडकर जयंती समारोह के दौरान कार्यक्रम में भारी भीड़ मौजूद थी। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम प्रभावित रहा।हालांकि स्थिति सामान्य होने पर आयोजन पुनः शुरू कर दिया गया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)