समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी। वारदात खुशरुपुर थाना क्षेत्र की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे युवक को गोलियों से भून डाला। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान मोहम्मद आफताब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आफताब ऑटो में सवार होकर पटना अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके ऑटो को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने बेहद करीब से आफताब पर दो गोलियां चलाईं। गोलियां लगते ही आफताब लहूलुहान होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फतुहा अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस हत्याकांड ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस व्यक्तिगत रंजिश और आपराधिक दुश्मनी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय निवासियों ने बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से गश्त बढ़ाने और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



