समाज जागरण/ अकबर अली
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के डूभा गांव में मंगलवार देर शाम एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। टहलने निकले युवक को अज्ञात हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान प्रिंस कुमार (23) पुत्र बिगन प्रसाद, निवासी ग्राम डूभा, थाना बभनी के रूप में हुई है।
घायल के पिता बिगन प्रसाद ने बताया कि उनका पुत्र प्रतिदिन की तरह मंगलवार शाम घर से टहलने निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लग सका। इसके बाद अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग उसकी तलाश में उस रास्ते पर पहुंचे, जहां वह रोज टहलने जाता था। तलाश के दौरान प्रिंस सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था और धारदार हथियार से कई स्थानों पर वार किए गए थे। यह देख परिजनों के होश उड़ गए।
आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया। सीएचसी म्योरपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव बिंद ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक के शरीर पर धारदार हथियार से करीब आधा दर्जन वार किए गए थे। हमले में उसके एक हाथ की नस भी कट गई थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन उसे निजी वाहन से दूसरे अस्पताल लेकर चले गए। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि सूचना या शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



