google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भुतहिया पुलिया के पास गहरी खाई में गिरा ट्रेलर, चालक की दर्दनाक मौत

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। रात करीब 10 बजे रेणुकूट की ओर से आ रहा एक ट्रेलर भुतहिया पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जबकि खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। चालक को सुरक्षित निकालने के लिए घंटों तक लगातार प्रयास किए गए, लेकिन ट्रेलर का केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गैस कटर मिस्त्री को मशीन सहित मौके पर लेकर पहुंची।

ट्रेलर की बॉडी काटकर चालक तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन वह बुरी तरह फंसा होने के कारण बाहर नहीं निकाला जा सका। अंततः भोर करीब चार बजे क्रेन मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (24 वर्ष) पुत्र दिनेश कुमार, निवासी ग्राम रमसगरा, थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई। उसे तत्काल हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए हिंडाल्को अस्पताल की मर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक करीब तीन से चार घंटे तक जीवित था।

पुलिस, स्थानीय लोगों और उनकी टीम ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन केबिन में बुरी तरह फंसे होने और समय पर बाहर नहीं निकाले जा पाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था भी संभाले रखी, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग स्थित भुतहिया पुलिया दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुकी है। लोगों ने सरकार से इस मार्ग का शीघ्र फोरलेन निर्माण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)