ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
सोनभद्र। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे संगठित अत्याचारों, भारत सरकार की चुप्पी तथा कूटनीतिक–व्यापारिक संबंधों पर तत्काल कठोर निर्णय न लेने पर आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध लगातार हो रहे हमले, मंदिरों को निशाना बनाए जाने, महिलाओं और बच्चों के साथ की जा रही बर्बरता के खिलाफ आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक अनिल झा की मौजूदगी में सोनभद्र जिलाध्यक्ष रमेश गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोदी जी के चुप्पी का विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली किराड़ी विधायक अनिल झा ने कहा बांग्लादेश में भय के माहौल में हिंदुओं के जबरन पलायन की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक और मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। इससे भी अधिक पीड़ादायक तथ्य यह है कि इन गंभीर घटनाओं के बावजूद भारत की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अब तक कोई ठोस, प्रभावी और निर्णायक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं सिंगरौली म0प्र0 की मेयर श्रीमती रानी अग्रवाल जी ने कहा भारत जैसे लोकतांत्रिक और नैतिक नेतृत्व वाले राष्ट्र से यह अपेक्षा की जाती है कि वह पड़ोसी देश में हिन्दू अल्पसंख्यकों पर हो रहे संगठित अत्याचारों पर केवल मौन न साधे, बल्कि अपनी कूटनीतिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय शक्ति का प्रयोग कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित कराए। मौजूदा परिस्थितियों में भारत सरकार की चुप्पी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि इससे अत्याचारियों का मनोबल भी बढ़ रहा है।
जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय से संविधान के तहत अपने विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए केंद्र सरकार को निम्नलिखित तत्काल और कठोर निर्णय लेने के निर्देश देने की मांग करती है—
1.भारत–बांग्लादेश के सभी व्यापारिक एवं कूटनीतिक संबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त किए जाएं, जब तक बांग्लादेश सरकार हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की ठोस गारंटी नहीं देती।
2.केंद्र सरकार द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली की आपूर्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए, क्योंकि भारत के संसाधनों का उपयोग ऐसे देश के लिए नहीं हो सकता जहाँ हिन्दू अल्पसंख्यकों का खुलेआम उत्पीड़न हो रहा हो।
3.अडानी समूह द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली की आपूर्ति पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि किसी भी निजी या कॉर्पोरेट लाभ के लिए भारत की नैतिक जिम्मेदारियों से समझौता न हो।
4.बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत में जिस प्रकार विशेष अतिथि की तरह संरक्षण दिया जा रहा है, उसके चलते बांग्लादेश में भारतीयों और विशेषकर हिंदुओं के विरुद्ध नफरत और हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है। इस विषय पर प्रधानमंत्री को तत्काल कड़ा और स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए, जिससे यह संदेश जाए कि भारत किसी भी रूप में हिंदू विरोधी हिंसा का समर्थन या संरक्षण नहीं करता।
आज के विरोध प्रदर्शन में ज्योति जंग सिंह, नीरज पांडे, अंगिरा प्रसाद, मनमोहन, ई०शुभम मिश्र, परमेश्वर कुशवाहा, राकेश भारती, प्रकाश चौरसिया, ई०पवन कुमार शर्मा, सिंगरौली जिले से नीरज कुशवाहा आदि शामिल रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



