वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज जिले में पश्चिम बंगाल से प्रवेश कर रहे अवैध ई-रिक्शा (टोटो) के खिलाफ सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एसडीएम अनिकेत कुमार और एसडीपीओ गौतम कुमार के नेतृत्व में सोमवार सुबह 6:00 से चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेजों और बंगाल नंबर प्लेट वाले करीब 20 से 25 टोटो जब्त किए गए।
पश्चिम बंगाल से सटे होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में टोटो बिहार सीमा में प्रवेश कर यात्रियों का परिवहन करते हैं। इनमें से अधिकांश के पास न तो वैध परमिट होता है और न ही ड्राइविंग लाइसेंस, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर लगभग 200 से 300 ई-रिक्शा की जांच की गई। जांच से बचने के लिए कुछ चालक वाहन लेकर भागने लगे, हालांकि पुलिस की सतर्कता से कई टोटो को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान कुछ चालकों ने रोजी-रोटी की मजबूरी बताई, जिसे देखते हुए कुछ मामलों में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने बताया कि जिन टोटो चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए, उनके वाहनों को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन ने टोटो चालकों से अपील की है कि वे सभी वैध कागजातों के साथ ही वाहन का संचालन करें, ताकि जाम और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
सीमावर्ती इलाकों में अवैध वाहनों पर रोक लगाने की दिशा में इस कार्रवाई को एक अहम कदम माना जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



