: सड़क सुरक्षा व नशा मुक्ति संदेश के साथ खेलों का आयोजन
: शिक्षा के बल पर होगा विचारों में परिवर्तन: रजनी
*दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )*
भिवानी। जिले के गांव ढाणा नरसान में सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में नशा छोड़ो–खेलो–सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वनडे क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी कपूर सिंह एवं शिक्षाविद विजेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता में ग्रीन वर्ल्ड और ग्रीन इंडिया टीमों के बीच एक ही दिन में तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें ग्रीन वर्ल्ड ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबले जीतकर क्लीन स्वीप किया। बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी और फील्डिंग—तीनों में संतुलित खेल के दम पर ग्रीन वर्ल्ड ने पूरे दिन अपना दबदबा बनाए रखा।
पहले मुकाबले में ग्रीन वर्ल्ड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 208 रन बनाकर बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से अमन कुमार ने मात्र 36 गेंदों में 70 रनों की विस्फोटक पारी खेली। सावन ने नाबाद 51 रन बनाए, जबकि अशोक ने 22 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार नाबाद पारी खेली। विवेक यादव (24) और सक्षम (21) ने भी रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रीन इंडिया की शुरुआत कमजोर रही। ग्रीन इंडिया से कपिल ने 35बोल में अर्धशतक बनाया, वही अवशेष कुमार ने 30 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन दयानंद, अशोक कुमार और अमन की सटीक गेंदबाज़ी के सामने पूरी टीम 167 रन पर सिमट गई और ग्रीन वर्ल्ड ने पहला मुकाबला जीत लिया।
दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर ग्रीन वर्ल्ड ने फिर पहले बल्लेबाज़ी की और 175 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। अमन कुमार हलवासिया ने 65 रन की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि दयानंद ने 40 और अशोक कुमार ने 28 रन बनाए। यश शर्मा ने 18 रन जोड़कर रनगति को बनाए रखा। जवाब में ग्रीन इंडिया की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद अवशेष कुमार (38) के आउट होते ही दबाव में आ गई। कपिल ने 30 रन बनाए, लेकिन लगातार विकेट गिरने से पूरी टीम 135 रन पर ऑलआउट हो गई और ग्रीन वर्ल्ड ने दूसरा मुकाबला 40 रनों से जीत लिया।


तीसरे मुकाबले में ग्रीन वर्ल्ड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 120 रन बनाए। सावन ने नाबाद 42, अमन कुमार ने 30 और यश शर्मा ने 22 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्रीन इंडिया की ओर से अवशेष कुमार ने 45 रन बनाए, जबकि सतीश, मुकेश, हर्षित और पंकज ने संघर्ष किया, लेकिन टीम 105 रन तक ही पहुंच सकी।
ग्रीन वर्ल्ड ने तीसरा मुकाबला भी जीतकर क्लीन स्वीप पूरा किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी कपूर सिंह, शिक्षाविद विजेंद्र सिंह एवं विवेकानंद हाई स्कूल की निदेशक सावित्री यादव ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर खेलों को जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए नशा मुक्ति, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



