google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

एईई दिल्ली चैप्टर की 14वीं वार्षिक आम सभा एवं राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित

ऊर्जा संरक्षण, नेट जीरो और सस्टेनेबल एनर्जी पर हुआ मंथन

ग्रेटर नोएडा संवाददाता | दैनिक समाज जागरण

एसोसिएशन ऑफ एनर्जी इंजीनियर्स (AEE), दिल्ली चैप्टर की 14वीं वार्षिक आम सभा (AGM) तथा ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा प्रबंधन पर आधारित एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के बोर्ड रूम में किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश के ऊर्जा विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत चैप्टर अध्यक्ष डॉ. आर. के. यादव के स्वागत भाषण से हुई। शारदा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवराम खरा ने ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। एईई साउथ एशिया के उपाध्यक्ष डॉ. बिनॉय चौधरी, पुणे चैप्टर अध्यक्ष विनय गाडिकार सहित पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, कोलकाता और नागपुर चैप्टर्स के अध्यक्ष एवं सचिव ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और ऊर्जा संरक्षण की इस पहल के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया।

बैठक में पेरेंट बॉडी AEE अटलांटा के साथ मिलकर ऊर्जा दक्षता और सस्टेनेबल प्रैक्टिस को आगे बढ़ाने के मिशन पर विशेष जोर दिया गया। सेमिनार का संयोजन शारदा विश्वविद्यालय के उप कुलपति डॉ. परमानंद द्वारा किया गया, जबकि संचालन डॉ. सुमन लता ने किया।

इस अवसर पर प्रो. विवेक कुमार ने वर्ष 2025 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रमुख उपलब्धियों में 30 अगस्त 2025 को IISWBM कोलकाता में आयोजित नेट-ज़ीरो कॉन्फ्रेंस तथा 6 नवंबर 2025 को एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) के साथ नवीकरणीय ऊर्जा एकीकरण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने हेतु हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) शामिल रहा। साथ ही डॉ. प्रेम प्रकाश मित्तल को AEE इंटरनेशनल एनर्जी इंजीनियर ऑफ द ईयर 2025 के लिए रनर-अप के रूप में सम्मानित किया गया।

AGM में वर्ष 2026 के लिए निदेशक मंडल का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। इसमें डॉ. आर. के. यादव को अध्यक्ष, श्री ए.सी. वर्मा, श्री अतर सिंह और श्री प्रवीण कुमार सूद को उपाध्यक्ष, प्रो. विवेक कुमार को सचिव, श्री विपिन रोहिला को संयुक्त सचिव, श्री अजय सिंह को कोषाध्यक्ष, श्री जी.पी. कुमावत को संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा श्री एस.एस. मान, डॉ. अल्पना गोयल और डॉ. योगेश गुप्ता को कार्यकारी सदस्य चुना गया।

सेमिनार के तकनीकी सत्र में रोहित दत्त पालीवाल ने भारतीय कार्बन बाजार (ICM), प्रवीण कुमार सूद ने ईवी चार्जिंग एवं बैटरी तकनीक, विक्रांत अग्रवाल ने ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं होम ऑटोमेशन सिस्टम तथा विपिन रोहिल्ला ने ESCO मॉडल और मापन एवं सत्यापन (M&V) पर अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने शिक्षा, उद्योग और प्रोफेशनल संगठनों के आपसी सहयोग पर बल दिया। इस अवसर पर सुनील श्रीवास्तव, रविंद्र जोशी, डॉ. उषा तिवारी, डॉ. मुखोपाध्याय, डॉ. सी. मोहन सहित विभिन्न फैकल्टी सदस्य, छात्र और ऊर्जा पेशेवर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)