समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
रॉबर्ट्सगंज/ सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी पुल के समीप बेलन नदी पुल के पास हुआ, जहां किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नरोखर गांव निवासी मुन्ना (48 वर्ष) अपने साथी बबुन्दर (50 वर्ष) निवासी खचार गांव के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया, जबकि बबुन्दर का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कुछ देर तक टेंपो से टक्कर की चर्चा होती रही, लेकिन घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस किसी भारी वाहन की टक्कर की आशंका जता रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाल रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



