google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सरकारी अस्पताल में जांच के नाम पर मरीजों के आर्थिक शोषण का आरोप

सीएचसी दुद्धी से निजी पैथोलॉजी सेंटर भेजे जा रहे मरीज, अधीक्षक की भूमिका पर उठे सवाल

समाज जागरण

दुद्धी/ सोनभद्र। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में मरीजों को जांच के नाम पर निजी पैथोलॉजी सेंटर भेजे जाने का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क जांच सुविधाओं के बावजूद गरीब मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर भेजकर उनसे मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के मुताबिक, सीएचसी के ओपीडी में आने वाले मरीजों से लेकर अस्पताल में भर्ती मरीजों तक को खून, पेशाब, बलगम और अल्ट्रासाउंड सहित विभिन्न जांचों के लिए एक ही निजी जांच केंद्र पर भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि उक्त जांच केंद्र का संबंध अस्पताल के वर्तमान अधीक्षक से है।


आरोप है कि निजी जांच केंद्र पर बाजार दर से अधिक शुल्क वसूला जाता है। सीएचसी में आने वाले मरीजों को सीबीसी, टायफाइड, मलेरिया, केएफटी, एलएफटी, शुगर सहित अन्य जांचों के साथ अल्ट्रासाउंड कराने के लिए भी निजी सेंटर का रास्ता दिखाया जाता है। जबकि इनमें से कई जांचें सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती रही हैं।


इस पूरे मामले में सीएचसी में तैनात डॉ. विनोद सिंह और डॉ. मनोहर की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि उनके द्वारा अधिकांश मरीजों को जांच के लिए संबंधित निजी पैथोलॉजी सेंटर भेजा जाता है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह न केवल सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के उद्देश्य पर सवाल खड़ा करेगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के साथ अन्याय भी होगा।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकारी अस्पताल में निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है, तो मरीजों को निजी केंद्रों पर जाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है? क्या इसके पीछे किसी प्रकार का आर्थिक गठजोड़ है या फिर सरकारी जांच सुविधाओं में कोई कमी है?
क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराते हैं या फिर गरीब मरीज इसी तरह आर्थिक बोझ उठाने को मजबूर होते रहेंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)