अमर शहीद उधम सिंह जन्मोत्सव पर दिया वन महोत्सव के तहत पौधारोपण का संदेश
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में अमर शहीद उधम सिंह कंबोज के जन्मोत्सव पर एक दिवसीय वन महोत्सव जागरूकता व सद्भावना के संदेश के साथ क्रिकेट मैच का आयोजन हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर खेल मैदान में किया गया। यह मुकाबला विवेकानंद हाई स्कूल की जूनियर टीमों के बीच खेला गया, जिसमें उधम सिंह ग्रीन एकादश और भगत सिंह ग्रीन एकादश आमने-सामने रहीं।
मैच की शुरुआत जोश और उत्साह के साथ हुई, जिसमें उधम सिंह एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 82 रन बनाए। जवाब में भगत सिंह एकादश लक्ष्य का पीछा करते हुए 62 रन ही बना सकी और मुकाबला 20 रन से उधम सिंह एकादश के नाम रहा। विजेता खिलाड़ियों व स्वयं सेवी एनएसएस विद्यार्थियों ने इसके उपरांत अमर शहीद उधम सिंह के नाम का पौधा रोपण कर वन महोत्सव पौधारोपण का संदेश दिया, कि अब संस्था के बैनर के नीचे वन महोत्सव कार्यक्रम शुरू हो गए हैं, जिसके तहत अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए।
विजेता टीम को विद्यालय संचालिका सावित्री यादव ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अमर शहीद उधम सिंह कंबोज ने भारत की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए जनरल ओडायर को लंदन में जाकर गोली मारी और देश के लिए शहीद हो गए।
अशोक भारद्वाज ने कहा कि शहीदों की स्मृति में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना न केवल उनकी वीरता को स्मरण करने का माध्यम है, बल्कि युवा पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, एकता और सद्भावना की सीख देने का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने बताया कि इस एक दिवसीय मैच के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने एक एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समिति के स्वयंसेवक , मास्टर कपिल वर्मा बंटी कुमार, यशवंत कुमार निखिल कुमार , राजीव कुमार , मोहित सैनी , सुशांत कुमार व स्टाफ और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



