एसडीएम मनोज दलाल ने किया शुभारंभ, विद्यार्थियों व ग्रामीणों से पौधों के संरक्षण का किया आह्वान
विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की भी ली जानकारी
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
बहल। गांव गोकलपुरा स्थित वीर शहीद सूबेदार अमर सिंह राजकीय उच्च विद्यालय एवं वीर शहीद रामकरण राजकीय प्राथमिक पाठशाला में गुरुवार को वन महोत्सव के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल ने पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर एसडीएम मनोज दलाल ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना भी सभी की जिम्मेदारी है।
पौधारोपण कार्यक्रम के बाद एसडीएम ने विद्यालय का निरीक्षण किया तथा कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।
पर्यावरण प्रेमी महावीर सिंह चहल ने कहा कि पेड़ धरती का वास्तविक श्रृंगार हैं। वे न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास भी हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से हर वर्ष पौधारोपण कर पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में सरपंच राजेश रंगा, मुकेश कुमार, सत्यवान, सत्यवाला, सुनीता देवी, वन दरोगा संदीप कुमार, वनरक्षक अनूप सिंह, प्रवीण श्योराण, ओमप्रकाश श्योराण, चैहड़ खुर्द विद्यालय के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



