ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। बुधवार दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को सिगरा, वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशनल सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में सोनभद्र के रहने वाले एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के छात्र अनिकेत श्रीवास्तव को अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक से नवाजा गया। सोनभद्र स्थित विश्वविद्यालय के एनटीपीसी परिसर के छात्र अनिकेत ने परीक्षा में 7.900 सीजीपीए के साथ सफलता अर्जित की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, पद्मश्री सरोज चूड़ामणि, उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के हाथों स्वर्ण पदक दिया गया। यूपी के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पत्रकारिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक दिया जाता है। इसी क्रम में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में इस बार एनटीपीसी में पढ़ने वाले विद्यार्थी अनिकेत श्रीवास्तव को यह पदक दिया गया। मूल रूप से सोनभद्र में डाला नगर पंचायत के रहने वाले अनिकेत के पिता संजय श्रीवास्तव व्यवसायी और माता अलका श्रीवास्तव गृहिणी हैं। अनिकेत इससे पहले महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर से ही एम कॉम की पढ़ाई भी पूरी कर चुके हैं। बातचीत के दौरान अनिकेत ने कहा कि मेरी सफलता के पीछे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी के पत्रकारिता विभाग के डॉक्टर छोटेलाल प्रसाद एवं अन्य शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है सभी ने हमको हर स्तर पर सहयोग किया और प्रोत्साहित किया जिसके चलते मैं आज यह मुकाम हासिल किया। एनटीपीसी परिसर में संसाधनों की कमी है इसके बावजूद वहां के शिक्षक अथक प्रयास करते हैं छात्रों के हित में और यह जो आज मुकाम मुझे मिला है इसके पहले भी कई छात्रों को मिल चुका है और हम आशा करते हैं कि उत्तर प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन एनटीपीसी परिसर के विकास पर ध्यान दें ताकि वहां के छात्र-छात्राओं को लाभ मिल सके इस तरह की प्रतिभा का सम्मान हो सके और आगे आने वाले छात्रों को प्रोत्साहन मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



