समाज जागरण | 19 जुलाई 2025
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जारी, शेष मतदाताओं से 25 जुलाई तक गणना प्रपत्र भरने की अपील
गौतम बुद्ध नगर।
बिहार राज्य में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision – SIR) के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है। इस संबंध में गौतम बुद्ध नगर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अतुल कुमार ने सूचना जारी कर बिहार राज्य के उन निवासियों से अपील की है जो वर्तमान में गौतम बुद्ध नगर या अन्य स्थानों पर अस्थाई रूप से निवास कर रहे हैं, कि वे 25 जुलाई 2025 तक अपना गणना प्रपत्र (Form) भरकर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ जमा करें।

अभी तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के कुल 7,89,89,844 मतदाताओं में से 6,99,92,926 (88.65%) मतदाताओं से फॉर्म प्राप्त किए जा चुके हैं, जबकि 6.85% (54,07,483) मतदाता अभी शेष हैं। अब तक 81.96% यानी 6,47,24,300 गणना प्रपत्र अपलोड भी किए जा चुके हैं।
नामांकन कैसे करें?
गौतम बुद्ध नगर समेत अन्य स्थानों पर रह रहे बिहार के निवासी अपने मोबाइल या कंप्यूटर से https://voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET App के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं।
इसके अलावा, प्री-फिल्ड फॉर्म डाउनलोड कर, उसे हस्ताक्षरित करके WhatsApp, ई-मेल या पारिवारिक सदस्य के माध्यम से अपने क्षेत्र के बीएलओ को भेज सकते हैं।
कौन से दस्तावेज़ मान्य हैं?
गणना प्रपत्र के साथ निम्न में से कोई भी एक दस्तावेज़ संलग्न किया जा सकता है:
- सरकारी पहचान पत्र / PPO
- 1987 से पूर्व का कोई सरकारी दस्तावेज़
- जन्म प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट
- शैक्षणिक प्रमाणपत्र
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र
- वन अधिकार पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- NRC (जहां लागू हो)
- पारिवारिक रजिस्टर
- भूमि/मकान आवंटन पत्र
यदि कोई दस्तावेज़ तत्काल उपलब्ध न हो, तो वह 25 जुलाई या 01 अगस्त से 01 सितंबर 2025 तक के दावा-आपत्ति अवधि के दौरान भी जमा किया जा सकता है।
क्या होगा इसके बाद?
निर्वाचन आयोग 01 अगस्त 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित करेगा, और इसके बाद दावे व आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी। मतदाता अपने फॉर्म की स्थिति भी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
जनहित में जारी
यह सूचना गौतम बुद्ध नगर के सूचना विभाग द्वारा जारी की गई है ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह जाए।



